गृह मंत्री के हरिद्वार दौरे से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बैरागी कैंप पहुंच व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर लिया जायजा

हरिद्वार। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के 7 मार्च को प्रस्तावित हरिद्वार भ्रमण कार्यक्रम को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को हरिद्वार स्थित बैरागी कैंप पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने मंच, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता तथा यातायात प्रबंधन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री का उत्तराखण्ड आगमन राज्य के लिए महत्वपूर्ण अवसर है, ऐसे में कार्यक्रम की सभी तैयारियां सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित ढंग से सुनिश्चित की जानी चाहिए।

उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस और प्रशासन आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए चिकित्सा सेवाएं, आपातकालीन व्यवस्थाएं एवं अग्निशमन दल को पूरी तरह अलर्ट रखने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्यमंत्री ने शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम के दौरान जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडे एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था की रूपरेखा प्रस्तुत की।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष किरन चौधरी, मेयर किरन जैसल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, विधायक मदन कौशिक, आदेश चौहान, प्रदीप बत्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। सरकार ने कार्यक्रम को सफल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!