रुड़की। कप्तान नवनीत सिंह के कड़े निर्देशन में कोतवाली रूड़की पुलिस की सतर्कता से होली पर्व के मद्देनजर भीड़भाड़ वाले बाजार में नकली नोट खपाने की कोशिश नाकाम कर दी गई। कोतवाली रुड़की पुलिस ने 19 हजार रुपये के 38 जाली नोटों के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

पुलिस कप्तान नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपदभर में होली पर्व के मद्देनजर हरिद्वार पुलिस द्वारा बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर अंकुश लगाया जा सके। इसी क्रम में बीते रविवार की रात्रि को प्रभारी निरीक्षक रूडकी प्रदीप बिष्ट के नेतृत्व में गश्त के दौरान चौकी प्रभारी सौत-बी उप निरीक्षक आनंद मेहरा टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति सोनाली पार्क के सामने कलियर रोड पर मोटरसाइकिल सहित खड़ा है और नकली नोटों का कारोबार करता है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 500-500 रुपये के कुल 38 जाली नोट, कुल कीमत 19,000 रुपये बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी की पहचान मुकेश कुमार गर्ग (52 वर्ष) पुत्र कुंवर सेन, निवासी मोहल्ला सेनियान, कस्बा व थाना शाहपुर जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। वहीं, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रूड़की प्रदीप बिष्ट ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस टीम:
चौकी प्रभारी सौत-बी उप निरीक्षक आनंद मेहरा
कां. इतेंद्र ध्यान
होमगार्ड महक सिंह
