रुड़की। कोतवाली गंगनहर क्षेत्र में मेडिकल स्टोर की आड़ में प्रतिबंधित नशीली दवाओं के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। ड्रग विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने चाउमंडी स्थित एक मेडिकल स्टोर पर छापेमारी कर भारी मात्रा में कोडीन युक्त कफ सिरप, ट्रामाडोल और अल्प्राजोलाम बरामद की है। मामले में स्टोर संचालक को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार ड्रग निरीक्षक हरीश सिंह और वरिष्ठ औषधि निरीक्षक अनिता भारती को सूचना मिली थी कि चाउमंडी में भगवती अस्पताल के निकट स्थित पल्स मेडिकल स्टोर में लाइसेंस की आड़ में नशीली दवाओं का अवैध भंडारण व बिक्री की जा रही है। सूचना पर कोतवाली गंगनहर पुलिस को साथ लेकर संयुक्त टीम ने छापा मारा तो जांच में पाया गया कि मेडिकल स्टोर के लाइसेंस में केवल भूतल का नक्शा दर्ज था, जबकि मौके पर प्रथम व द्वितीय तल पर भी लोहे की सीढ़ियों के माध्यम से दवाओं का भंडारण किया गया था। तलाशी के दौरान गत्ते के डिब्बों में डायपर के नीचे छिपाकर नशीली दवाएं रखी मिलीं।मौके पर दवाओं के क्रय-विक्रय से संबंधित कोई बिल, शेड्यूल H1 रजिस्टर अथवा पंजीकृत चिकित्सक का प्रिस्क्रिप्शन प्रस्तुत नहीं किया जा सका।मौके पर मौजूद शुभम कुमार सैनी (27 वर्ष) निवासी ग्राम हद्दीवाला, थाना कलियर ने स्वयं को मेडिकल स्टोर का संचालक बताया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि लालच में आकर वह प्रतिबंधित दवाएं खरीदकर बेच रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोप को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।बरामद दवाओं को विधिवत सील कर कब्जे में लिया गया है तथा पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई। पुलिस के अनुसार सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
