हरिद्वार। विद्युत चोरी और बकाया वसूली के खिलाफ ऊर्जा विभाग ने शुक्रवार को अभियान चलाकर कार्रवाई की है। टीम ने 22 घरों में छापा मारते हुए बिजली चोरी पकड़ी। जबकि बकाया जमा न करने वाले 40 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए गए। 3.50 लाख रूपये का बकाया वसूला गया। अभियान का नेतृत्व एसडीओ प्रथम शिल्पी सैनी के नेतृत्व में किया गया।
ज्वालापुर विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता रवि कुमार के निर्देश पर उपखंड अधिकारी ज्वालापुर-1 शिल्पी सैनी के नेतृत्व में अवर अभियंता अक्षय कुमार सिंह और विभागीय टीम ने पांवधोई और पीठ बाजार क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अभियान के दौरान 22 घरों में छापा मारकर बिजली चोरी पकड़ी गई। सभी के खिलाफ विद्युत चोरी के मामले में मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्युत चोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उपखंड अधिकारी शिल्पी सैनी ने बताया कि विद्युत राजस्व की सुरक्षा और ईमानदार उपभोक्ताओं के हित में ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने उपभोक्ताओं से समय पर बिल जमा करने और विद्युत का वैध उपयोग करने की अपील की। कार्रवाई के दौरान लाइन स्टाफ से धर्म सिंह रावत, गणेश, इमरान मलिक आदि मौजूद रहे।
