हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र की एक धर्मशाला में शादी की खुशियां उस समय अफरा-तफरी में बदल गईं, जब कुछ युवकों ने बारातियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए हैं।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मुजफ्फरनगर के ग्राम सन्धावली निवासी गोवर्धन ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर बताया कि वह अपने परिवार के साथ बहादराबाद में अपनी बहन के लड़के की शादी में आए थे। 12 फरवरी को बारात बहादराबाद से ज्वालापुर की वाल्मीकि धर्मशाला पहुंची थी। शादी संपन्न होने के बाद परिवार के कुछ सदस्य, अंकित, रचित, कार्तिक, पंकज , गोवर्धन, धर्मशाला में ही रुके हुए थे। पीड़ित का आरोप है रविवार की सुबह दीपक और अनिकेत नाम का युवक अपने 4-5 साथियों के साथ लाठी-डंडे लेकर पांडाल में घुस आए। आरोप है कि इन लोगों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। जब पीड़ित पक्ष ने इसका विरोध किया, तो हमलावरों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। शोर सुनकर जब अन्य लोग मौके पर पहुंचे, तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते मौके से भाग गया। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
