हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में जनपद को नशा मुक्त बनाने के लिए चलाया जा रहा अभियान लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। अभियान के तहत थाना पथरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1200 प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल के साथ एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसको कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जाएगा।

जानकारी के अनुसार बीते गुरुवार की रात्रि को नशा तस्करों की धरपकड़ के लिए थानाध्यक्ष पथरी मनोज नौटियाल व एसएसआई यशवीर नेगी के नेतृत्व में पथरी पुलिस द्वारा चेकिंग अभियान चलाया हुआ था। अभियान के तहत पुलिस टीम द्वारा फेरुपुर से बदरपुर जट जाने वाले मार्ग पर ट्यूबवेल के पास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी।

इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से Acetaminophen, Tramadol HCI एवं Dicyclomine HCI के 1200 नशीले कैप्सूल बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी से कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर पुलिस सप्लाई चैन की जड़ तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

थानाध्यक्ष पथरी मनोज नौटियाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसको कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा जाएगा।
गिरफ्तार आरोपी:-
आरोपी प्रमोद कुमार (38 वर्ष), निवासी ग्राम इक्कड़ कला, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार।
बरामदगी:-
1200 नशीले कैप्सूल
एक स्कूटी
एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन
पुलिस टीम:-
इस कार्रवाई में एसएसआई यशवीर सिंह नेगी, प्रभारी चौकी फेरुपुर विपिन कुमार, का. नरेश बहुगुणा, का. जयपाल चौहान एवं का. रविन्द्र बिष्ट की अहम भूमिका रही।
