हमज़ा राव।
हरिद्वार। जनपद में बिजली चोरी के खिलाफ ऊर्जा विभाग व विजिलेंस ने अब तक की सबसे बड़ी और संगठित कार्रवाई को अंजाम देते हुए करीब 90 लोगों को अलग-अलग स्थानों से विद्युत चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ा। बुधवार को चलाए गए इस व्यापक अभियान से बिजली चोरों में हड़कंप मच गया और विभाग की ओर से साफ व कड़ा संदेश दिया गया कि बिजली चोरी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

बुधवार तड़के चला यह विशेष अभियान मुख्य अभियंता शेखर चंद त्रिपाठी के निर्देश पर अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार के नेतृत्व में चलाया गया। ज्वालापुर ऊर्जा विभाग और विजिलेंस टीम की यह संयुक्त कार्रवाई उपखंड जगजीत क्षेत्र के ग्राम बहादरपुर जट तथा बहादराबाद क्षेत्र के ग्राम रणसुरा और दादूपुर-सलेमपुर में की गई। अभियान के दौरान चारों सब डिवीजनों के एसडीओ और जेई मौके पर मौजूद रहे।

टीम ने सुबह 6 बजे से ही संदिग्ध कनेक्शनों की जांच शुरू की और 10 बजे तक कई घरों व प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। सभी के खिलाफ जुर्माने व मुकदमे की तैयारी तेज़ कर दी गई है। इस बड़ी कार्रवाई ने यह स्पष्ट कर दिया है कि हरिद्वार में अब बिजली चोरी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति लागू कर दी गई है। ऊर्जा विभाग की इस सख्ती को आम उपभोक्ताओं ने भी सकारात्मक कदम बताया।

अधिशासी अभियंता रवि कुमार ने बताया कि बिजली चोरी रोकने के लिए विजिलेंस और फील्ड टीमों को विशेष रूप से सक्रिय किया गया है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे नियमित रूप से बिल जमा करें और अवैध कनेक्शन लेने से बचें, अन्यथा कठोर कार्रवाई के लिए तैयार रहें। ऊर्जा विभाग अब ऐसे क्षेत्रों की पहचान कर रहा है जहां लाइन लॉस अधिक है और वहां विशेष निगरानी रखी जाएगी। विभाग का उद्देश्य न केवल राजस्व हानि रोकना है, बल्कि पारदर्शी और व्यवस्थित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना भी है।

कार्रवाई करने वाली टीम में जगजीतपुर एसडीओ रूपेश कुमार, बहादराबाद एसडीओ अक्षय कपिल, एसडीओ प्रथम शिल्पी सैनी, एसडीओ द्वितीय अर्चना, जेई वरुण पंवार, जेई सुमित त्यागी, जेई अक्षय चौहान, जेई दीप्ती चौहान, जेई राव शाहबाज़, जेई प्रीति जिंटा, जेई शिवानी चौहान विजिलेंस से एसडीओ धनंजय, एसडीओ रोबिन, जेई सपना व अनिल सहित स्टाफ एवं भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
