4 से 6 फरवरी तक सप्तऋषि हरिद्वार में होगा वीवीआईपी आगमनहरिद्वार। ब्रह्मलीन स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि महाराज के समाधि मंदिर में मूर्ति स्थापना का तीन दिवसीय भव्य समारोह 4 फरवरी से 6 फरवरी तक भारत माता मंदिर, सप्तऋषि हरिद्वार में आयोजित किया जाएगा। इस गरिमामय आयोजन में देश के शीर्ष संवैधानिक पदों पर आसीन महानुभावों, संतों एवं विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति रहेगी।यह जानकारी जूनापीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने समारोह स्थल पर आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दी।
इस मौके पर कार्यक्रम समन्वयक पियुष शर्मा ने कहा कि तीन दिवसीय समारोह के प्रथम दिन 04 फरवरी को कार्यक्रम का उद्घाटन भारत के पूर्व राष्ट्रपति महामहिम श्री रामनाथ कोविंद एवं पंजाब के राज्यपाल महामहिम श्री गुलाबचंद कटारिया की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न होगा।
समारोह के दूसरे दिन 05 फरवरी को धर्मसभा एवं संत सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, बिहार के राज्यपाल महामहिम श्री आरिफ मोहम्मद खान, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल महामहिम श्री मनोज सिन्हा, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल तथा विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष श्री आलोक कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने बताया कि समारोह के अंतिम दिन 06 फरवरी को केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, उत्तराखंड के राज्यपाल महामहिम लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त), हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल महामहिम श्री शिव प्रताप शुक्ल, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ एवं उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती ऋतु खंडूरी भूषण समारोह में सहभागिता करेंगे।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन ब्रह्मलीन स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि महाराज के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं राष्ट्रसेवी योगदान को समर्पित होगा। इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन सोसायटी से जुड़े सेवा कार्यों से संबंधित आगामी योजनाओं की भी घोषणा की जायेगी। पत्रकार वार्ता में महामंडलेश्वर ललितानंद गिरि, मम अखिलेश्वरानंद गिरी, प्रबंधक आईडी शास्त्री, कार्यक्रम समन्वयक पियुष शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।
