हरिद्वार। ज्वालापुर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो चोरों को गिरफ्तार किया है। दोनों सुभाषनगर में खड़े जिओ के टावर को निशाना बनाते हुए उसपर लगे लाखों के बॉक्स को चोरी कर फरार हो गए थे। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी हुआ बॉक्स भी बरामद कर लिया है। दोनों को कोर्ट में पेश किया जा रहा है।

बीते शुक्रवार को टेलीकास्ट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के टेक्नीशियन प्रदीप कुमार पुत्र श्याम सिंह निवासी ग्राम रानीवाला थाना कोतवाली देहात जिला बिजनौर उत्तरप्रदेश द्वारा पुलिस को शिकायत की गई कि तीन नवंबर की रात्री को सुभाषनगर में स्थित जिओ टावर से 5G BBU बॉक्स जिसकी कीमत करीब 2,84,504 रुपए है को अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया है। चोरी के संबंध में कोतवाली ज्वालापुर पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल द्वारा घटना के खुलासे व चोरों की तलाश के लिए प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा को निर्देशित किया गया। प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा द्वारा चोरी की घटना के जल्द खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा खंगाले गए। सीसीटीवी कैमरा की मदद से चोरी की घटना में दो व्यक्तियों का शामिल होना सामने आया। इसी के आधार पर प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में चौकी प्रभारी बाजार राकेश कुमार की अगुवाई वाली टीम द्वारा दोनों चोरों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस को पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम विशाल पुत्र बबलू निवासी ग्राम सुखपुर थाना मंन्सूरपुर जिला मुजफ्फरनगर उत्तरप्रदेश व समीर पुत्र हनीफ निवासी नवल थाना मंन्सूरपुर जिला मुजफ्फरनगर उत्तरप्रदेश बताया।

वहीं, एसएसआई कोतवाली ज्वालापुर खेमेन्द्र गंगवार ने बताया कि दोनों के कब्जे से चोरी हुआ बॉक्स भी बरामद कर लिया गया है। दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। उन्हें कोर्ट पेश कर दिया गया है।
पुलिस टीम में:-
1. कुंदन सिंह राणा, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ज्वालापुर।
2. राकेश कुमार, चौकी प्रभारी बाजार।
3. हेड कांस्टेबल प्रमोद पुरोहित।
4. कांस्टेबल खजान सिंह।
5. कांस्टेबल अनिल चौहान।
