हरिद्वार। पथरी क्षेत्र के धारीवाला गांव में सोमवार को 42 वर्षीय एक व्यक्ति का शव उसके कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटका मिला। मृतक के गले और सर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिसके चलते पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार धारीवाला गांव निवासी सुरेश पुत्र सुखबीर सिंह सोमवार को अपने कमरे में मृत पाए गए। उनके भाइयों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस टीम को पता चला कि पुलिस के आने से पहले ही मृतक के भाइयों ने शव को फंदे से नीचे उतार लिया था। मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। शव पर मिले चोट के निशान पूरे मामले को संदिग्ध बना रहे हैं। वहीं, पथरी थानाध्यक्ष मनोज नौटियाल बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा और आगे की कार्रवाई उसी आधार पर की जाएगी। पुलिस फिलहाल मामले की गहनता से जांच में जुटी है।
