खुलासा: आखिरकार 11 माह बाद लैब टेक्नीशियन वसीम की हत्या से उठा पर्दा, पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल की लीडरशिप में रानीपुर व सीआईयू टीम को मिली सफलता, हत्यारोपी होमगार्ड तमंचे सहित गिरफ्तार

हरिद्वार। बीते जनवरी माह में हुई गढ़मीरपुर निवासी लैब टेक्नीशियन वसीम की मौत मामले में रानीपुर पुलिस व सीआईयू टीम ने पर्दा उठा दिया है। मामले में पुलिस ने एक होमगार्ड को गिरफ्तार किया है। मृतक वसीम गिरफ्तार हुए होमगार्ड की महिला मित्र को परेशान कर रहा था। इसी बात से खफा होकर होमगार्ड ने वसीम को रास्ते से हटा दिया। होमगार्ड द्वारा वसीम को घर लौटते वक्त पीछे से गोली मारी गई थी। जिसके बाद उसका एक्सीडेंट हो गया था। ज़ब उसको कफ़नने के लिए नहलाने लगे तो उसकी कमर पर गोली का निशान मिला। जिससे मामले का खुलासा हुआ। वहीं, पुलिस ने होमगार्ड को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तमंचा व कारतूस बरामद कर उसे जेल भेज दिया है।

मंगलवार को रानीपुर कोतवाली में प्रेसवार्ता कर एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल द्वारा बताया कि रानीपुर कोतवाली के ग्राम गढ़मीरपुर निवासी युवक वसीम पुत्र मुस्तकीम बहादराबाद स्थित सागर पैथोलॉजी लैब में काम करता था। वसीम बीते 17 जनवरी 2025 की शाम को लैब से अपने घर वापस लौट रहा था कि तभी वसीम के साथ दुर्घटना हो गई और वह रास्ते में चलती हुई बाइक से ग्राम गढ़ के सरकारी अस्पताल के पास गिर गया। युवक को सडक पर गिरा देख ग्राम प्रधान जावेद हसन द्वारा वसीम के घर फोन कर जानकारी दी गई तो परिजन घटनास्थल की ओर दौड़े। तब तक राहगीरों द्वारा युवक को भूमानंद हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया गया। जहां, डॉक्टरों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया।

फ़ाइल फोटो: मृतक वसीम।

परिजन शव को घर लें आए। परिजनों को कफ़नाने की तैयारी करते हुए वसीम की कमर में एक सुराख़ दिखाई पड़ा। परिजनों को शक हुआ और ज़ब गौर से देखा तो मालूम हुआ कि निशान गोली का है। जिसके बाद परिजनों द्वारा मामले की सूचना पुलिस को दी गई। रानीपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। जिसके बाद रानीपुर पुलिस द्वारा मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। घटना के खुलासे के लिए रानीपुर पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे विभिन्न सीसीटीवी कैमरों का अध्ययन, मृतक के मोबाइल नंबर की डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण सहित अनेक प्रयास किए गए, किन्तु प्रारम्भिक स्तर पर कोई ठोस सुराग प्राप्त नहीं हो सका। प्रकरण में एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल द्वारा नाराज़गी व्यक्त की गई तथा प्रभारी निरीक्षक रानीपुर को मामले की पुनः गहन विवेचना को आदेशित किया गया। हरिद्वार पुलिस द्वारा उक्त प्रकरण को एक चैलेंज के रूप में लेते हुए कार्य किया गया व सीआईयू हरिद्वार की सहायता से दोबारा सीसीटीवी फुटेज एवं डिजिटल साक्ष्यों का सूक्ष्म विश्लेषण कर विभिन्न व्यक्तियों से पूछताछ की गई।

संदिग्ध स्कूटी बनी सुराग… 

जांच के दौरान एक ग्रे रंग की जुपिटर स्कूटी संख्या UK 08 AQ 2050 का संदिग्ध के रूप में सामने आना पाया गया। उक्त स्कूटी की तलाश के दौरान दिनांक 22.12.2025 की रात्रि में रेग्यूलेटर पुलिस सुमननगर से चैकिंग के दौरान पुलिस टीम द्वारा एक व्यक्ति को उक्त स्कूटी सहित हिरासत में लिया गया। हिरासत में लिए गए व्यक्ति का नाम अभिमन्यु पुत्र अर्जुन सिंह, निवासी ग्राम सकौती, पोस्ट गुरुकुल नारसन थाना मंगलौर, उम्र 32 वर्ष है।

पूछताछ में हुआ सनसनीखेज खुलासा…

फोटो: रानीपुर पुलिस की गिरफ्त में हत्यारोपी।

हिरासत में लिए गए अभिमन्यु ने पूछताछ में बताया कि वह वर्ष 2015 में होमगार्ड में भर्ती हुआ था। वर्ष 2024 में उसकी दोस्ती होमगार्ड महिला से हुई। व्यक्ति को ज्ञात हुआ कि महिला की पूर्व में मृतक वसीम से दोस्ती थी तथा उसके मोबाइल में वसीम के साथ फोटो एवं मैसेज मौजूद थे। मृतक वसीम द्वारा महिला को लगातार कॉल व मैसेज कर परेशान व प्रताड़ित किए जाने से व्यक्ति के मन में आक्रोश उत्पन्न हुआ और उसने वसीम को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

हत्या की साजिश एवं वारदात…

अभिमन्यु ने सोशल मीडिया के माध्यम से वसीम की जानकारी एकत्रित की तथा उसकी दिनचर्या की रेकी की। जिसके बाद दिनांक 17 जनवरी 2025 की सायं, आरोपी ने महिला की स्कूटी को चौकी बाजार बहादराबाद से दूसरी चाबी द्वारा खोलकर मृतक की मोटरसाइकिल का पीछा किया। ग्राम गढ़ के पास अवसर पाकर आरोपी ने चलती मोटरसाइकिल पर वसीम को देशी तमंचे से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ग्रे रंग की जुपिटर स्कूटी संख्या UK 08 AQ 2050 को कब्जे में लिया गया। आरोपी की निशांदेही पर धनौरी तेली वाला रोड, करवला स्थित जंगल से घटना में प्रयुक्त एक अदद तमंचा 315 बोर मय जिन्दा कारतूस बरामद किया गया।

खुलासे के दौरान एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, एसपी ट्रैफिक/क्राइम जितेंद्र मेहरा, एएसपी सदर निशा यादव, एएसपी ज्वालापुर जितेंद्र चौधरी आदि मौजूद रहे।

नाम पता आरोपित:

अभिमन्यु पुत्र अर्जुन सिंह निवासी ग्राम सकौती, पोस्ट गुरुकुल नारसन थाना मंगलौर, जनपद हरिद्वार (उम्र 32 वर्ष)

पुलिस टीम में:-

1. शान्ति कुमार प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर।

2. वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान।

3. चौकी प्रभारी सुमननगर अर्जुन कुमार।

4. चौकी प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र विकास रावत।

5. का. दीप गौड।

6. का. महेन्द्र तोमर।

7. ⁠का. रविन्द्र बिष्ट।

8. का. नरेन्द्र राणा।

सीआईयू टीम में:-

1. प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह बिष्ट।

2. उनि. पवन डिमरी।

3. का. वसीम।

4. का. उमेश।

5. का. हरवीर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!