हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र से लापता हुई 16 वर्षीय किशोरी गंभीर हालत में बीएचईएल क्षेत्र की झाड़ियों में मिलने के बाद पुलिस ने दुष्कर्म समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार किशोरी तीन अगस्त की सुबह घर से सहेली के यहां किताब लेने की बात कहकर निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की। इसी दौरान सूचना मिली कि किशोरी बीएचईएल क्षेत्र की झाड़ियों में घायल अवस्था में पड़ी है। उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया। पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि उपचार के दौरान होश आने पर किशोरी ने बताया कि एक युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि युवक ने उसे नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया और बाद में मारपीट कर झाड़ियों में छोड़कर फरार हो गया। पीड़िता के पिता की तहरीर पर रानीपुर कोतवाली में दुष्कर्म सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
