हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र से एक 17 वर्षीय किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। मामले में परिजनों ने ज्वालापुर निवासी एक युवक पर अपहरण का आरोप लगाते हुए पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई है। वहीं, पुलिस किशोरी की तलाश में जुट गई है।
पुलिस को दी तहरीर में अहबाबनगर निवासी महिला ने बताया कि उनकी नाबालिग पुत्री 14 अप्रैल को दोपहर करीब 12 बजे घर से सामान लेने के लिए निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लग सका। महिला ने आरोप लगाया कि ज्वालापुर क्षेत्र के मंडी का कुआं कोटरवान निवासी चन्दन सिंह काफी समय से उनकी बेटी का पीछा कर रहा था और उसे प्रेम जाल में फंसाने का प्रयास कर रहा था। इस संबंध में पहले भी आरोपी और उसके परिजनों को समझाया गया था। परिजनों ने आशंका जताई है कि चन्दन सिंह ही उनकी बेटी को बहलाकर अपने साथ ले गया है, क्योंकि घटना के बाद से वह भी घर से गायब है। आरोप यह भी है कि 16 अप्रैल को जब महिला चन्दन के घर बेटी के बारे में पूछने पहुंची, तो उसके पिता सोनू और मां किरण ने कथित तौर पर धमकी दी कि वे लड़की का धर्म परिवर्तन कर चन्दन से शादी करा देंगे। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर उन्हें भगा दिया गया। कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस द्वारा सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
