राहत अंसारी।
हरिद्वार। जनपद में विद्युत चोरी पर लगाम कसने के लिए ऊर्जा निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए सोमवार तड़के ज्वालापुर क्षेत्र में बड़ा छापेमारी अभियान चलाया। मुख्य अभियंता शेखर चंद त्रिपाठी के निर्देश पर चल रहे विशेष अभियान के तहत ज्वालापुर ऊर्जा निगम की टीम ने ग्राम दीनारपुर और सुखरा सोंग में छापेमारी की। इस दौरान टीम को 17 घरों में चोरी होते मिली। विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार के निर्देश पर एसडीओ अर्चना के नेतृत्व में गठित टीम ने जांच के दौरान 17 घरों में बिजली चोरी पकड़ी। कई उपभोक्ता सीधे लाइन से केबल जोड़कर बिजली का अवैध इस्तेमाल करते पाए गए। ऊर्जा निगम की टीम ने मौके पर ही सभी मामलों का संज्ञान लेते हुए आरोपियों के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही संबंधित उपभोक्ताओं पर भारी जुर्माना लगाने की कार्रवाई भी की जा रही है। अभियान के दौरान टीम ने बकाया बिजली बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ भी सख्ती दिखाई। कई बकायेदारों के कनेक्शन काट दिए गए। अधिशासी अभियंता रवि कुमार ने साफ किया कि बिजली चोरी और बकाया बिल को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चेतावनी दी है कि विद्युत चोरी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। छापेमारी अभियान में जेई मनोज कुमार टांक, मुकेश कुमार, राम कुमार सहित लाइन स्टा से लाइनमैन श्रवण कुमार गिरी, सुशील कुमार, फरमान राव, संजय चौहान, अतुल कुमार, विपिन, वीरेंद्र और चमन लाल आदि मौजूद रहे।
