हरिद्वार। जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत ज्वालापुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 32.02 ग्राम स्मैक, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। बरामद स्मैक की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में साढ़े नौ लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।

पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह और एसएसआई हर्ष अरोड़ा के नेतृत्व में शनिवार देर शाम पुलिस टीम नहर पटरी रानीपुर झाल क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी में उसके पास से 32.02 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शालिम पुत्र मुर्सलीन निवासी ग्राम बहादरपुर खादर, कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार बताया। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। रविवार को आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

वहीं, प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह ने कहा कि युवाओं को नशे की दलदल में धकेलने वालों के खिलाफ ज्वालापुर पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए ऐसे तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस टीम में:-
प्रभारी चौकी बाजार उपनिरीक्षक देवेन्द्र पाल
कांस्टेबल कपिल गोला
कांस्टेबल दिनेश कुमार
