डायल 112: सरफिरे कॉलर ने हरिद्वार को बम से उड़ाने की दी धमकी, पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार को बम धमाके से दहलाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि एक सिरफिरा व्यक्ति पिछले कई दिनों से पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहा था। जिसके बाद अब धमकी की सूचना मिलते ही एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस कंट्रोल रूम, खुफिया इकाइयों और स्थानीय पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा गया। मामले में अज्ञात कॉलर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार रविवार तड़के डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति मोबाइल फोन से लगातार आपत्तिजनक बातें करते हुए हरिद्वार में चार दिन के भीतर बम विस्फोट करने की धमकी दे रहा है। कॉल के दौरान आरोपी ने पुलिस प्रशासन और उच्च अधिकारियों के खिलाफ भी अभद्र टिप्पणियां कीं। मामले की जांच नगर कोतवाली में तैनात रात्रि अधिकारी एएसआई दिनेश कुमार को सौंपी गई है। पुलिस ने कॉल करने वाले मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच शुरू कर दी है और लोकेशन के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। जल्द ही उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!