चेकिंग में पकड़े गए अवैध असलहों के दो खरीदार, तमंचा-पिस्टल समेत कारतूस बरामद; सप्लायर की तलाश में जुटी पुलिस

हरिद्वार। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जिलेभर में चल रही सघन चेकिंग के दौरान रुड़की पुलिस ने दो युवकों को अवैध असलहों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक 32 बोर का तमंचा, एक पिस्टल, दो मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पूछताछ में दोनों ने एक ही सप्लायर से असलहे खरीदने की बात बताई है। पुलिस अब सामने आए सप्लायर की तलाश में जुटी है।

रुड़की पुलिस के अनुसार, छह और सात अक्टूबर की रात चेकिंग के दौरान नहर पटरी पर एचआरडीए कार्यालय के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में मिला। तलाशी लेने पर उसके पास से 32 बोर का तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में उसकी पहचान अक्षित शर्मा (19) निवासी जस्सवावाला धनौरी, पिरान कलियर के रूप में हुई।

इसके बाद पुलिस टीम ने पीरबाबा कॉलोनी/रेलवे पुल के नीचे डबल फाटक की ओर जाने वाले रास्ते से रोहित सैनी (24) को पकड़ा। उसके कब्जे से 32 बोर की अवैध पिस्टल, दो मैगजीन और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक रोहित पिस्टल को मुनाफे के साथ किसी अन्य व्यक्ति को बेचने की फिराक में था।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ में एक ही सप्लायर से अवैध असलहे खरीदने की जानकारी सामने आई है। पुलिस सप्लायर की तलाश कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं का इस तरह अवैध असलहों की ओर आकर्षित होना चिंता का विषय है। पुलिस अपना काम कर रही है, लेकिन अभिभावकों की भी जिम्मेदारी है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरामद असलहों को कब्जे में लेकर सील कर दिया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया।

पुलिस टीम: उपनिरीक्षक सुभाष चंद्र, कांस्टेबल इतेंद्र ध्यानी, कांस्टेबल रंग मोहन और कांस्टेबल अनिल शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!