कर्ज के बोझ तले दबे बीएचईएल कर्मी ने फांसी लगाकर दी जान, परिजनों में हड़कंप

हरिद्वार। बीएचईएल के सेक्टर-2 क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब फाउंड्री प्लांट में कार्यरत एक 32 वर्षीय युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का कारण भारी कर्ज से उपजा मानसिक तनाव बताया जा रहा है। सूचना पर पहुंची रानीपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान राहुल पाल (32 वर्ष) के रूप में हुई है। राहुल बीएचईएल के फाउंड्री प्लांट में कर्मचारी था और सेक्टर-2 स्थित विभागीय आवास में अपने परिवार के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि राहुल के पिता भी पूर्व में बीएचईएल में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।परिजनों और आसपास के लोगों से मिली प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, राहुल पिछले कुछ समय से भारी कर्ज (लोन) को लेकर बेहद परेशान चल रहा था। कर्ज के बढ़ते बोझ के कारण वह अक्सर मानसिक तनाव में रहता था। इसी तनाव के चलते उसने घर के भीतर फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। युवक की मौत की खबर फैलते ही बीएचईएल कॉलोनी और कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई।

रानीपुर थाना प्रभारी ने शांति कुमार ने ताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। युवक ने कर्ज से परेशान होकर ये कदम उठाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!