उर्स के मौके पर लगा नि:शुल्क मेडिकल कैंप, 250 से अधिक मरीजों ने उठाया लाभ

हरिद्वार। भगवानपुर तहसील के ग्राम सिकरोड़ा स्थित हज़रत मोहब्बत अली शाह के उर्स के अवसर पर रहनुमाए इंसाफ कमेटी की ओर से बुधवार को एक विशाल नि:शुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में करीब 250 से अधिक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। समाजसेवा और जनकल्याण की भावना से आयोजित इस शिविर को स्थानीय लोगों ने सराहा और बड़ी संख्या में लाभार्थियों ने इसका फायदा उठाया।

कैंप के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की जांच कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सुझाव दिए। आयोजन स्थल पर दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रही और विभिन्न आयु वर्ग के मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। कमेटी की ओर से चिकित्सा सेवाएं देने वाले डॉक्टरों, मेडिकल स्टाफ और आयोजन में सहयोग करने वाले लोगों को सम्मानित भी किया गया।

इस अवसर पर कमेटी के पदाधिकारियों ने कहा कि जरूरतमंद लोगों की सेवा ही सबसे बड़ी इंसानियत है। रहनुमाए इंसाफ कमेटी भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में बढ़-चढ़कर योगदान देती रहेगी। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद तबके तक राहत और सहायता पहुंचाना कमेटी की प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में कमेटी आलाकमान राव अहकाम, अध्यक्ष राव अफजाल, उपाध्यक्ष डॉ. सारिफ, संस्थापक राव फराज़, राव फहीम, मोनू सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। वहीं इंजीनियर मुजाहिर हुसैन और हाजी मुदस्सिर हुसैन ने भी आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। कमेटी पदाधिकारियों ने सभी सहयोगियों, चिकित्सकों और आमजन का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!