नाबालिगों से बंधुआ मजदूरी व मारपीट का मामला, प्लांट हेड गिरफ्तार

हरिद्वार। सिडकुल क्षेत्र स्थित एक निजी कंपनी में नाबालिग युवतियों से बंधुआ मजदूरी कराने, उनके दस्तावेजों में हेरफेर करने और मारपीट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामले में सिडकुल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्लांट हेड को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

फ़ाइल फोटो: एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर।

जानकारी के अनुसार 24 मार्च को कार्तिक एंटरप्राइजेज कंपनी में काम करने वाली कुछ महिलाओं व युवतियों ने थाना सिडकुल पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कंपनी के प्लांट हेड रजनीश शर्मा व अन्य पर आरोप लगाया गया कि दो नाबालिग युवतियों के आधार कार्ड में उम्र बढ़ाकर उन्हें नौकरी पर रखा गया। पीड़िताओं ने आरोप लगाया कि 24 मार्च को उन्हें कंपनी में बुलाकर तलाशी के नाम पर उनके साथ अभद्रता की गई। आरोप है कि ऑफिस के अंदर ही युवतियों के दुपट्टे से उनके हाथ-पैर बांध दिए गए और उनके साथ मारपीट कर बेइज्जत किया गया। साथ ही चोरी कबूलने का दबाव भी बनाया जा रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर सिडकुल पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। 26 मार्च को विवेचक द्वारा मुख्य आरोपी रजनीश शर्मा को पूछताछ के लिए बुलाया गया। जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन से घटना से संबंधित वीडियो बरामद हुआ, जिससे आरोपों की पुष्टि हुई। इसके अलावा जांच में यह भी सामने आया कि पीड़िताओं के आधार कार्ड की फोटोकॉपी में उम्र बढ़ाकर उन्हें खतरनाक वेल्डिंग मशीन पर काम कराया जा रहा था। पुलिस ने मुख्य आरोपी रजनीश शर्मा (42) पुत्र महिपाल शर्मा निवासी रामपुर जेवर, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) को हिरासत में ले लिया है। अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि मामले में सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!