ज्वालापुर में विद्युत विभाग का बड़ा एक्शन, 35 कनेक्शन कटे, तीन लाख की वसूली शिल्पी सैनी

हरिद्वार। बिजली चोरी और बकाया वसूली को लेकर विद्युत विभाग ने मंगलवार सुबह ज्वालापुर क्षेत्र में व्यापक स्तर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। विभागीय टीम ने अलग-अलग इलाकों में घरेलू व व्यावसायिक उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शनों की गहन जांच की।अभियान उपखंड अधिकारी ज्वालापुर-I शिल्पी सैनी के नेतृत्व में चलाया गया। कार्रवाई में अवर अभियंता अक्षय कुमार सिंह, अवर अभियंता दीप्ति चौहान सहित विद्युत विभाग के अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे। टीम ने मीटर, स्वीकृत लोड, बकाया बिल और अवैध कनेक्शनों की जांच करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की।जांच के दौरान बकाया बिजली बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं के कुल 35 विद्युत संयोजन काटे गए। वहीं मौके पर ही लगभग तीन लाख रुपये की बकाया राशि की वसूली की गई। विभाग की सख्ती के चलते कई उपभोक्ताओं ने तुरंत अपना बकाया बिल जमा किया।अभियान के दौरान कई स्थानों पर अवैध तरीके से बिजली उपयोग करते उपभोक्ता भी पकड़े गए। विद्युत चोरी के मामलों में कुल 18 लोगों के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई है। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।उपखंड अधिकारी शिल्पी सैनी ने बताया कि राजस्व हानि रोकने और ईमानदार उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए यह अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी नियमित रूप से ऐसे अभियान जारी रहेंगे। विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने और वैध रूप से बिजली उपयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!