हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती और घंटों की रोस्टिंग ने लोगों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। भीषण गर्मी के बीच सुबह से शुरू होने वाली बिजली की आंख-मिचौली देर रात तक जारी रहने से आम जनता परेशान है। लगातार शटडाउन और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह के समय कई घंटे तक बिजली गुल रहने के बाद दिन भर अलग-अलग इलाकों में शटडाउन किया जा रहा है। इससे घरों में लगे इनवर्टर भी जवाब देने लगे हैं और लोगों को पीने के पानी तक के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। कई मोहल्लों में मोटर नहीं चल पाने से पानी की सप्लाई भी प्रभावित हो रही है।
बाजारों में कारोबार पर पड़ा असर

ज्वालापुर के बाजारों में भी बिजली संकट का सीधा असर देखने को मिल रहा है। दुकानदारों का कहना है कि लगातार बिजली कटने से ग्राहक बाजार में रुक नहीं रहे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी डेरी, मिठाई और ठंडे उत्पाद बेचने वाले व्यापारियों को हो रही है। फ्रिज और कूलिंग सिस्टम बंद रहने से सामान खराब होने लगा है, जिससे आर्थिक नुकसान बढ़ता जा रहा है। वहीं सलून, ब्यूटी पार्लर और अन्य बिजली आधारित व्यवसाय भी प्रभावित हो रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि बार-बार बिजली जाने से मशीनें काम नहीं कर पा रही हैं और ग्राहकों को लौटाना पड़ रहा है।
लो वोल्टेज ने बढ़ाई नई मुसीबत

क्षेत्र के कई इलाकों में लो वोल्टेज की समस्या भी लगातार बनी हुई है। लोगों का कहना है कि पंखे और कूलर ठीक से नहीं चल पा रहे हैं, जबकि एसी और अन्य उपकरणों के खराब होने का खतरा बना हुआ है। कई परिवारों ने बिजली उपकरणों में खराबी आने की शिकायत भी जताई है।
लोगों में बढ़ रहा आक्रोश
भीषण गर्मी में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने मांग की है कि विभाग जल्द स्थायी समाधान निकाले और अनियोजित शटडाउन तथा रोस्टिंग पर रोक लगाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
