हरिद्वार। विद्युत चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में ऊर्जा विभाग ज्वालापुर की टीम को सफलता हाथ लग रही है। टीम की एकाएक कार्रवाई से कहीं हद तक विद्युत चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगता नज़र आ रहा है। सोमवार को विद्युत विभाग द्वारा ज्वालापुर क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ कार्रवाई अभियान चलाया गया। यह अभियान मुख्य अभियंता हरिद्वार जोन शेखर चंद त्रिपाठी के निर्देश पर चला। विद्युत विभाग की इस कार्रवाई से बिजली चोरों में हड़कंप मचा रहा और लोगों को यह संदेश गया कि बिजली चोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कार्रवाई का नेतृत्व उपखंड अधिकारी ज्वालापुर-I शिल्पी सैनी एवं हरिद्वार जोन से विशेष जांच के लिए आए सहायक अभियंता अमित तोमर ने किया। टीम में अवर अभियंता अक्षय कुमार सिंह, अवर अभियंता दीप्ति चौहान सहित विद्युत विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।

विद्युत विभाग की टीम ने ज्वालापुर के विभिन्न इलाकों बाल्मीकि बस्ती, सोनिया बस्ती एवं पावधोई क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान कुल 35 विद्युत संयोजनों की जांच की गई, जिसमें 15 उपभोक्ता विद्युत चोरी करते हुए पाए गए।

वहीं, अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार ने बताया कि पकड़े गए मामलों में विभाग द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है तथा संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ जुर्माना एवं अन्य विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि राजस्व हानि को रोका जा सके और ईमानदार उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।
