समस्या: नए बिजली कनेक्शनों पर जेई की सुस्ती, एक सप्ताह से लेकर एक माह तक पेंडिंग पड़े आवेदन, उपभोक्ता परेशान

हरिद्वार। ज्वालापुर विद्युत वितरण खंड के अधीन संचालित उपखंड द्वितीय में नए विद्युत कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। उपखंड में दर्जनों नए विद्युत कनेक्शन के आवेदन लंबे समय से पेंडिंग पड़े हैं, लेकिन संबंधित जेई द्वारा समय पर इंस्पेक्शन रिपोर्ट तक नहीं लगाई जा रही है। नतीजा यह है कि आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बावजूद उपभोक्ताओं को विद्युत कनेक्शन के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।

बताया जा रहा है कि कई आवेदनों को पेंडिंग हुए एक सप्ताह से अधिक का समय बीत चुका है, जबकि कुछ मामले ऐसे भी हैं जो एक माह या उससे अधिक समय से लंबित चल रहे हैं। इसके बावजूद संबंधित स्तर पर इन आवेदनों का निस्तारण कराने को लेकर गंभीरता दिखाई नहीं दे रही है। इंस्पेक्शन रिपोर्ट लंबित होने के कारण आगे की कनेक्शन प्रक्रिया भी अटकी हुई है। नया कनेक्शन लेने के लिए उपभोक्ता निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर रहे हैं, लेकिन विभागीय स्तर पर होने वाली कार्रवाई में देरी का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है। कई उपभोक्ता कनेक्शन की स्थिति जानने के लिए बार-बार संबंधित कार्यालय और अधिकारियों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। ऊर्जा निगम की ओर से उपभोक्ताओं को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के दावे किए जाते हैं, लेकिन उपखंड द्वितीय में नए कनेक्शनों की स्थिति इन दावों पर सवाल खड़े कर रही है। जब आवेदन के बाद शुरुआती स्तर पर होने वाला निरीक्षण ही समय पर नहीं किया जाएगा तो उपभोक्ता को कनेक्शन कब मिलेगा, यह बड़ा सवाल है। वहीं, इस संबंध में अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार ने बताया कि इस संबंध में जेई से वार्ता कर जल्द ही व्यवस्था में सुधार करा दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!