नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: नाले में गंदगी मिलने पर लॉज का 5000 का चालान, शौचालय किया सील

हरिद्वार। नगर आयुक्त नन्दन कुमार के निर्देश पर उपनगर आयुक्त दीपक गोस्वामी के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने शनिवार को नाई सोता बरसाती नाले का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान नाले में सीवर का गंदा पानी बहता पाया गया, जिस पर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। जांच में सीवर लाइन क्षतिग्रस्त मिली, जिसके लिए जल संस्थान को तुरंत मरम्मत का नोटिस जारी किया गया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में स्थित एक स्थानीय लॉज में भारी गंदगी और अनियमितता पाई गई। सफाई मानकों का उल्लंघन करने पर लॉज प्रबंधन के खिलाफ 5,000 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई। मौके पर गंदगी इतनी अधिक थी कि निगम की टीम ने लॉज के शौचालय को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया और उसकी चाबी अपने कब्जे में ले ली। स्वच्छता अभियान के तहत टीम ने नाई सोता नाले में कूड़ा फेंकने वाले होटलों और नियमों का उल्लंघन करने वाली 6 दुकानों के भी चालान काटे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ मेले के मद्देनजर सफाई और अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। इस पूरी कार्रवाई के दौरान उपनगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, अर्जुन सिंह, सुपरवाइजर अशोक और कपिल सहित निगम की पूरी टीम मौजूद रही। प्रशासन ने सख्त चेतावनी दी है कि सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों के पास गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!