अकोढ़ा खुर्द ग्राम पंचायत में भ्रष्टाचार पर बड़ी कार्रवाई, ग्राम प्रधान को पद से हटाया

हरिद्वार। जनपद के विकासखंड लक्सर स्थित ग्राम पंचायत अकोढ़ा खुर्द में विकास कार्यों में लाखों रुपये की अनियमितताओं का मामला सामने आने पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम प्रधान बसंती देवी को पद से हटाने के आदेश जारी कर दिए हैं। जांच में सीसी सड़क निर्माण समेत कई कार्यों में घटिया सामग्री, तकनीकी खामियां और वित्तीय गड़बड़ियां उजागर हुई हैं।

मामले की जांच कश्यप बस्ती में सीसी सड़क निर्माण में अनियमितता की शिकायत के बाद शुरू हुई थी। सहायक जिला पंचायत राज अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया। जांच के दौरान ग्राम पंचायत के अभिलेखों, वित्तीय लेन-देन और विकास कार्यों की गुणवत्ता का विस्तृत परीक्षण किया गया। जांच में सामने आया कि कई सड़कों का निर्माण बिना निर्धारित मानकों के किया गया। कुछ स्थानों पर एक ही सड़क को अलग-अलग दर्शाकर भुगतान लेने जैसी गंभीर वित्तीय अनियमितताएं भी पाई गईं। सड़क किनारे नाली निर्माण में भी तकनीकी खामियां मिलीं।

इसके अलावा ग्राम पंचायत द्वारा बैंक पासबुक, कैशबुक, स्टॉक रजिस्टर और कार्य पंजिका समेत वित्तीय वर्ष 2022-23 और 2023-24 के कई महत्वपूर्ण अभिलेख समय पर उपलब्ध नहीं कराए गए। ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर दर्ज सूचनाओं और वास्तविक कार्यों में भी भारी अंतर पाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ निर्माण कार्य सार्वजनिक हित के बजाय निजी व्यक्तियों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से कराए गए। कई सड़कें निजी भूमि और व्यक्तिगत पहुंच मार्ग के रूप में बनाई गईं, जो नियमों के खिलाफ है।

जिलाधिकारी ने जांच रिपोर्ट के आधार पर ग्राम प्रधान बसंती देवी को प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए उत्तराखंड पंचायतीराज अधिनियम 2016 के तहत पद से हटाने के आदेश दिए हैं। साथ ही वित्तीय अनियमितताओं में शामिल धनराशि की वसूली और अन्य संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका की जांच के निर्देश भी जारी किए गए हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्पष्ट कहा कि जनपद में विकास कार्यों में भ्रष्टाचार, लापरवाही और अनियमितता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!