हरिद्वार। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग अभियान के दौरान कोतवाली सिडकुल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक युवक को अवैध दो नाली बंदूक और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक असलाह के साथ सोशल मीडिया पर पोस्ट डाला करता था और कई वीडियो में वह हवाई फायरिंग करते हुए भी नजर आ रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को कोतवाली सिडकुल क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान उपनिरीक्षक शैलेंद्र ममगई व चेतक पुलिस टीम ने पतंजलि विश्वविद्यालय से आगे जंगल की ओर से आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध दो नाली बंदूक तथा 12 बोर के तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी की पहचान मंजीत सिंह पुत्र आलम सिंह निवासी टीरा टोंगिया, थाना सिडकुल, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी युवक अवैध असलाह के साथ सोशल मीडिया पर तस्वीरें और वीडियो पोस्ट करता था। कुछ वीडियो में वह खुलेआम हवाई फायरिंग करता हुआ दिखाई दे रहा है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन सकता था। पुलिस अब इन वीडियो की भी जांच कर रही है। कोतवाली प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध कोतवाली सिडकुल में आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शैलेंद्र ममगई व कांस्टेबल मनीष शामिल रहे।
मोबाइल झपट्टा मारने वाला युवक जनता ने पकड़कर पुलिस को सौंपा, जेल भेजा गया

हरिद्वार। कोतवाली सिडकुल क्षेत्र में मोबाइल झपट्टा मारकर फरार हो रहे एक युवक को सतर्क लोगों ने पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। घटना बीते शनिवार की है, जब नवोदय नगर चौक के पास रिलैक्स कंपनी के समीप सत्येंद्र पाल का मोबाइल छीनकर आरोपी फरार हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने पीछा कर आरोपी तुषार पुत्र पृथ्वी सिंह निवासी आवास विकास कॉलोनी इस्लामपुरदास, जिला बिजनौर (उ.प्र.) को धर दबोचा और छीना गया मोबाइल व घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी (UK 08 BG 2477) सहित पुलिस के हवाले कर दिया। सिडकुल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। कोतवाली प्रभारी सिडकुल नितेश शर्मा ने बताया कि आरोपी के कब्जे से ओप्पो मोबाइल और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद कर ली गई है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
