हरिद्वार। चंडी देवी मंदिर रोपवे मार्ग के पास झाड़ियों में मिली अज्ञात महिला की सड़ी-गली लाश से शुरू हुई एक रहस्यमयी कहानी का आखिरकार हरिद्वार पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। करीब 25 दिनों तक चली मैराथन जांच, 600 घंटे से अधिक सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल, 1.64 लाख मोबाइल नंबरों का विश्लेषण और उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र तक पहुंची पुलिस टीम की अथक मेहनत के बाद इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा हुआ है।

एसएसपी नवनीत सिंह की निगरानी में काम कर रही पुलिस टीम ने न सिर्फ मृतका की पहचान उजागर की, बल्कि हत्या की पूरी साजिश का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। पत्रकार वार्ता में एसएसपी ने बताया कि मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के बांदा जनपद निवासी कौशल्या के रूप में हुई है, जिसकी हत्या प्रेम प्रसंग और शादी के दबाव से परेशान होकर आरोपी रामप्रकाश उर्फ गोविंदा ने अपने भाई और जीजा के साथ मिलकर की थी।

एसएसपी नवनीत सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बीते 10 मई को चंडी देवी मंदिर के रोपवे के निकट वन विभाग द्वारा प्रतिबंधित पैदल मार्ग पर घनी झाड़ियों के बीच एक महिला का नग्न शव बरामद हुआ था। शव कई दिन पुराना होने के कारण पूरी तरह सड़ चुका था और चेहरा पहचानने योग्य नहीं बचा था। मौके से दो कुंडल, टूटा मंगलसूत्र, एक सफेद गमछा तथा गले में कसकर बंधा ब्लाउज बरामद हुआ, जिससे हत्या की आशंका गहरा गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे और जांच के लिए विशेष टीम गठित की। एसपी क्राइम निशा यादव के पर्यवेक्षण में थाना श्यामपुर और सीआईयू की संयुक्त टीम को दो अहम जिम्मेदारियां सौंपी गईं। पहली मृतका की पहचान स्थापित करना और दूसरी हत्यारों को गिरफ्तार करना।

जांच के दौरान पुलिस को मृतका के हाथों पर गुदे टैटू अहम सुराग के रूप में मिले। एक हाथ पर अंग्रेजी में ‘KAUSHILYA’ और दूसरे पर ‘K.R.’ के साथ दिल का चिन्ह बना हुआ था। हालांकि यह सुराग भी आसान नहीं था। पुलिस ने देशभर के रिकॉर्ड खंगाले तो वर्ष 2019 से अब तक कौशल्या नाम की 164 गुमशुदा महिलाओं का रिकॉर्ड सामने आया। वहीं निर्वाचन अभिलेखों में 3540 महिलाओं का नाम कौशल्या मिला।

मामले को सुलझाने के लिए पुलिस ने घटनास्थल के पांच किलोमीटर दायरे में लगे कैमरों की एक से दस मई तक की फुटेज खंगाली। आंधी-तूफान के कारण कई कैमरे क्षतिग्रस्त होने से जांच और चुनौतीपूर्ण हो गई। इसके बावजूद टीम ने हार नहीं मानी। लगभग 144 घंटे के डंप डाटा से मिले 1,64,605 मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया गया। सोशल मीडिया, गुमशुदगी रिकॉर्ड, निर्वाचन डाटा और तकनीकी साक्ष्यों को जोड़ते हुए पुलिस लगातार सुराग तलाशती रही।

आखिरकार 8 मई की सीमित सीसीटीवी फुटेज में पुलिस को एक महत्वपूर्ण सुराग मिला। फुटेज में रात के समय तीन पुरुषों के साथ एक महिला चंडी देवी मंदिर की ओर जाते दिखाई दी, लेकिन लौटते समय महिला उनके साथ नहीं थी। इसके बाद संदिग्ध मोबाइल नंबरों, लोकेशन और रूट चार्ट का विश्लेषण किया गया तो बांदा निवासी राकेश, रामप्रकाश उर्फ गोविंदा और छेदीलाल के नाम सामने आए।

पूछताछ में सामने आया कि रामप्रकाश और कौशल्या के बीच प्रेम संबंध थे। रामप्रकाश पहले से शादीशुदा था, लेकिन कौशल्या उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी। इसी दबाव से छुटकारा पाने के लिए रामप्रकाश ने अपने भाई राकेश और जीजा छेदीलाल के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। योजना के तहत कौशल्या को चंडी देवी दर्शन कराने के बहाने हरिद्वार लाया गया और सुनसान स्थान पर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई।

आरोपियों ने यह सोचकर वारदात को अंजाम दिया कि घर से लगभग 700 किलोमीटर दूर हत्या करने पर न तो महिला की पहचान हो पाएगी और न ही वे कानून के शिकंजे में आएंगे। लेकिन हरिद्वार पुलिस की तकनीकी विवेचना, धैर्य और पेशेवर जांच ने उनकी पूरी योजना ध्वस्त कर दी।

इस शानदार खुलासे पर पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल राजीव स्वरूप ने जांच टीम को पांच हजार रुपये तथा एसएसपी हरिद्वार ने ढाई हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है। पुलिस की इस कार्रवाई को हाल के वर्षों में हरिद्वार के सबसे चुनौतीपूर्ण ब्लाइंड मर्डर केसों में से एक की सफल विवेचना माना जा रहा है।
पकड़े गए हत्यारोपी:-
1.राकेश पुत्र राजा निवासी ग्राम ग्योडीबाबा थाना कोतवाली नगर बांदा जनपद बांदा उ0प्र0 उम्र-25 वर्ष
2.रामप्रकाश उर्फ गोविन्दा पुत्र राजा निवासी ग्राम ग्योडीबाबा थाना कोतवाली नगर बांदा जनपद बांदा उ0प्र0 उम्र-20 वर्ष
3.छेदीलाल पुत्र ईशूरी प्रसाद निवासी ग्राम काहला गंछा थाना कोतवाली नगर बांदा जिला बांदा उत्तर प्रदेश उम्र-24 वर्ष
पुलिस टीम:-
1. पुलिस अधीक्षक अपराध निशा यादव
2. पुलिस अधीक्षक नगर अभय सिंह
3. क्षेत्राधिकारी नगर शिशुपाल सिंह नेगी
4. प्रभारी निरीक्षक CIU नरेन्द्र सिह बिष्ट
5. थानाध्यक्ष श्यामपुर नितेश शर्मा
6. व0उ0नि0 मनोज रावत
7. उ0नि0 सन्तोष सेमवाल
8. उ0नि0 मोहन कठैत
9. म0उ0नि0 रचना पठानिया
10. अ0उ0नि0 रविन्द्र गौड
11. अ0उ0नि0 दरम्यान सिंह
12. हे0का0 प्रेम सिंह PS सिडकुल
13. हे0का0 पंकज देवली
14. का0 राहुल देव
15. का0 विनित कुमार –
16. का0 अनिल रावत
17. का0 सुशील चौहान
18. का0 तेजेंद्र सिंह
19. का0 ओमवीर सिंह
20. का0 जितेंद्र घिल्डियाल
21. का0 अजय चौहान-
22 का0 मनमोहन सिंह
23. म0का0 माधुरी त्रिपाठी
24. का0 वसीम – CIU हरिद्वार
25. का0 उमेश- CIU हरिद्वार
26. का0 हरवीर सिंह – CIU हरिद्वार
27. का0 दीप गौड – CIU हरिद्वार
