हरिद्वार। बुधवार को उत्तराखंड वक्फ बोर्ड अध्यक्ष शादाब शम्स ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट कर रमजान के पवित्र महीने के दौरान अतिक्रमण हटाने तथा वक्फ बोर्ड से संबंधित चल रही प्रशासनिक कार्रवाइयों पर अस्थायी रोक लगाने की मांग की।
मुलाकात के दौरान शम्स ने कहा कि रमजान इबादत, संयम और आध्यात्मिक साधना का महीना है। ऐसे में किसी भी प्रकार की सख्त प्रशासनिक कार्रवाई से समुदाय की धार्मिक भावनाएं प्रभावित हो सकती हैं। उन्होंने आग्रह किया कि पवित्र माह में संवेदनशीलता बरतते हुए कार्रवाई पर विराम लगाया जाए।
निर्दोषों को नहीं होगी अनावश्यक परेशानी: मुख्यमंत्री
वक्फ बोर्ड अध्यक्ष शादाब शम्स के अनुसार मुख्यमंत्री ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि रमजान के दौरान किसी भी निर्दोष व्यक्ति को अनावश्यक परेशानी नहीं होने दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार सभी नागरिकों की आस्था और अधिकारों का सम्मान करती है तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में शांति और सौहार्द बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है और किसी को भी डरने या भ्रमित होने की आवश्यकता नहीं है। प्रशासन को निर्देशित किया जाएगा कि रमजान के दौरान आवश्यक सतर्कता और संवेदनशीलता बरती जाए, ताकि सभी लोग शांतिपूर्वक अपने धार्मिक कर्तव्यों का पालन कर सकें।
तरावीह के दौरान साउंड कम रखने की अपील
रमजान की मुबारकबाद देते हुए शादाब शम्स ने सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए मुस्लिम समाज से अपील की कि तरावीह की नमाज के दौरान ध्वनि स्तर कम रखा जाए। उन्होंने कहा कि आपसी सौहार्द और जिम्मेदारी के साथ इबादत के इस पवित्र माह को बिना किसी डर या खौफ के संपन्न किया जाए।
