सरकारी स्कूल की व्यवस्था पर सवाल, छात्राओं से शौचालय साफ कराने का वीडियो वायरल

हरिद्वार। जनपद के एक राजकीय प्राथमिक विद्यालय में छात्राओं से शौचालय की सफाई कराए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। मामला हरिद्वार कोतवाली क्षेत्र के समीप स्थित एक सरकारी स्कूल का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) अमित कुमार चंद ने जांच के आदेश दिए हैं।

वायरल वीडियो में एक महिला अध्यापिका कथित तौर पर छात्राओं से झाड़ू लगवाती दिखाई दे रही हैं। यह वीडियो गुरुवार सुबह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त हो गया। लोगों ने इस घटना को बच्चों के अधिकारों और शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाला बताया है। वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) अमित चंद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरे प्रकरण की जांच के आदेश जारी कर दिए है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्कूलों में छात्र-छात्राओं से इस प्रकार का कार्य कराना नियमों के विरुद्ध है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय अभिभावकों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं शिक्षा विभाग की लापरवाही को उजागर करती हैं। पूर्व में भी सरकारी स्कूलों में बच्चों से सफाई कार्य कराए जाने के वीडियो सामने आते रहे हैं, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठते रहे हैं। वायरल वीडियो ने एक बार फिर सरकारी विद्यालयों में व्यवस्थाओं और निगरानी तंत्र पर बहस छेड़ दी है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!