हरिद्वार। थाना सिडकुल पुलिस ने नाबालिग का अपहरण कर दुष्कर्म करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अपहृत नाबालिग को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

पुलिस के अनुसार 20 फरवरी को वादी निवासी मितौली, उत्तर प्रदेश की लिखित तहरीर पर उनकी नाबालिग पुत्री को अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के संबंध में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दोनों की तलाश की गई। इसी क्रम में अपर उपनिरीक्षक संजय चौहान की अगुवाई वाली टीम ने जांच के दौरान प्रकाश में आए आरोपी सतीश पुत्र मोतीलाल, निवासी ग्राम गंगापुर, तहसील मिश्रीक, थाना सदना, जिला सीतापुर (उत्तर प्रदेश) को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

वहीं, थानाध्यक्ष नितेश शर्मा ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध अपहरण एवं दुष्कर्म की धाराओं में अभियोग दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। किशोरी को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

पुलिस टीम में अपर उप निरीक्षक संजय चौहान, महिला हेड कांस्टेबल उमा सरोहा व हेड कांस्टेबल संजय आदि शामिल रहे।
