हरिद्वार। बिजली चोरी और राजस्व वसूली को लेकर ऊर्जा निगम ने ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में बहादराबाद उपखंड क्षेत्र के ग्राम बुड़ाहेड़ी कासमपुर में ऊर्जा निगम और विजिलेंस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 घरों में बिजली चोरी पकड़ी। वहीं लंबे समय से बिल जमा न करने वाले 40 उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन भी काट दिए गए। कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

ऊर्जा निगम के मुख्य अभियंता शेखर चंद त्रिपाठी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार के नेतृत्व में टीम ने गांव में छापेमारी की। अभियान में उपखंड अधिकारी अक्षय कपिल, अवर अभियंता सुमित त्यागी तथा विजिलेंस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। टीम ने गांव के विभिन्न इलाकों में घर-घर जाकर विद्युत कनेक्शनों की जांच की। जांच के दौरान कई स्थानों पर उपभोक्ता बिना अधिकृत कनेक्शन के सीधे लाइन से बिजली लेते हुए पाए गए। कुछ घरों में मीटरों को बायपास कर अवैध रूप से बिजली का उपयोग किया जा रहा था।

टीम ने ऐसे सभी मामलों को चिन्हित कर पकड़े गए 20 उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत विभागीय कार्रवाई की तथा संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू की। अभियान के दौरान टीम ने उन उपभोक्ताओं के कनेक्शन भी काटे जिन पर लंबे समय से बिजली बिल बकाया चल रहा था। कुल 40 बकायेदारों के विद्युत कनेक्शन विच्छेदित किए गए। अधिशासी अभियंता ज्वालापुर रवि कुमार ने कहा कि बिजली चोरी से ऊर्जा निगम को आर्थिक नुकसान होता है, जिसका प्रभाव ईमानदारी से बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं पर भी पड़ता है। उन्होंने चेतावनी दी कि बिजली चोरी और बकाया वसूली के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
