हरिद्वार। गर्मियों की दस्तक के साथ ही बिजली विभाग की लापरवाही भी सामने आने लगी है। ज्वालापुर क्षेत्र के कई इलाकों में लगातार हो रही बिजली की आंख मिचोली ने आम जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। रविवार को हालात इतने खराब रहे कि सुबह से ही शहर के कई क्षेत्रों में बार-बार हो रहे शटडाउन के कारण बिजली गुल रही, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार उपखण्ड द्वितीय क्षेत्र के कटहरा बाजार, अंसारी मार्केट, मौहल्ला कोटरवान, मंडी का कुआं, पुरानी बकरा मार्केट, कड़च्छ, शाह गली, मैदानियान, घोसीयान और धीरवाली जैसे घनी आबादी वाले इलाकों में लगातार बिजली कटौती से लोगों का सब्र जवाब दे गया। बिना किसी पूर्व सूचना के किए जा रहे शटडाउन ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बिजली संकट का सबसे अधिक असर छोटे कारोबारियों पर देखने को मिला। डेरी व्यवसाय से जुड़े लोगों का कहना है कि बार-बार बिजली जाने से दूध, दही और अन्य उत्पाद खराब होने का खतरा बना हुआ है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। वहीं, सैलून और अन्य छोटे प्रतिष्ठान भी दिनभर ठप पड़े रहे, जिससे उनकी रोजी-रोटी पर सीधा असर पड़ा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हर साल गर्मियों की शुरुआत होते ही बिजली व्यवस्था चरमरा जाती है, लेकिन इसके बावजूद विभाग द्वारा कोई ठोस सुधार नहीं किया जाता। लोगों ने विभाग पर लापरवाही और अनदेखी का आरोप लगाते हुए जल्द समाधान की मांग की है। वहीं, इस संबंध में एसडीओ-ll अर्चना ने बताया कि शटडाउन की समस्या की जांच कराई जाएगी और जल्द ही स्थिति में सुधार के प्रयास किए जाएंगे।
