हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर टूरिस्ट बस और कार की टक्कर के बाद जमकर हंगामा हो गया। आरोप है कि दुर्घटना के बाद बस चालक और बस में सवार कुछ यात्रियों ने कार सवार युवक के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया। इतना ही नहीं, गुस्साए लोगों ने कार में भी तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। वहीं बस का भी शीशा टूटा है। घटना से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाईवे पर बस और कार की टक्कर होने के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि बस चालक और कुछ यात्रियों ने मिलकर कार सवार को पीट दिया, जिससे वह घायल हो गया। इस दौरान कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।सूचना मिलने पर ज्वालापुर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने घायल कार सवार को सुरक्षित बाहर निकालते हुए दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया और संबंधित पक्षों को कोतवाली ले आई।सूत्रों के अनुसार देर रात तक कोतवाली में दोनों पक्षों के बीच समझौते के प्रयास चलते रहे। मामले को निपटाने के लिए जोड़ तोड़ और बातचीत का दौर जारी रहा, लेकिन कार सवार पक्ष कार्रवाई की मांग पर अड़ा रहा। इसके चलते मामला सुलझ नहीं सका।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के संबंध में प्राप्त तहरीर और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
