गंगा में डूबने की दो घटनाओं से हड़कंप, दो की मौत, एक युवक लापता

हरिद्वार। धर्मनगरी में गंगा में डूबने की दो अलग-अलग घटनाओं ने रविवार को सनसनी फैला दी। एक ओर सप्तऋषि क्षेत्र में गाजियाबाद से आए दो दोस्तों की तेज बहाव में डूबकर मौत हो गई, वहीं दूसरी ओर भूपतवाला स्थित एक आश्रम में रह रहा युवक गंगा में बहकर लापता हो गया। पुलिस और जल पुलिस की टीमों ने रेस्क्यू और सर्च अभियान चलाया, लेकिन दूसरी घटना में युवक का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन निवासी बृजेश कुमार त्रिपाठी (43) और राजनगर निवासी सचिन त्यागी (39) अपने परिवारों के साथ हरिद्वार घूमने आए थे। रविवार सुबह दोनों सप्तऋषि क्षेत्र के दूधियाबंद के पास ठोकर नंबर क्षेत्र में गंगा स्नान के लिए पहुंचे। बताया जा रहा है कि दोनों बिना गहराई का अंदाजा लगाए आगे बढ़ गए और तेज बहाव में फंसकर गहरे पानी में समा गए। देखते ही देखते दोनों लापता हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर नगर कोतवाली पुलिस और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब सवा घंटे की मशक्कत के बाद दोनों के शव घटनास्थल से कुछ दूरी पर बरामद कर लिए गए। पुलिस ने शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी के अनुसार, जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां स्नान प्रतिबंधित है और चेतावनी बोर्ड भी लगे हुए हैं।

वहीं, दूसरी घटना भूपतवाला क्षेत्र में सामने आई, जहां विवेकस्थली आश्रम में रह रहा बागेश्वर निवासी नवीन चंद पाठक (26) गंगा में स्नान के दौरान तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गया। बताया गया कि शनिवार शाम परमार्थ घाट पर पूजा-अर्चना के बाद वह स्नान कर रहा था, तभी अचानक गहरे पानी में बह गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल सर्च अभियान शुरू किया। देर शाम तक और रविवार को भी दिनभर गंगा में तलाश जारी रही, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि युवक की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इन घटनाओं के बाद प्रशासन ने गंगा किनारे स्नान के दौरान सतर्कता बरतने और प्रतिबंधित क्षेत्रों में न जाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!