हरिद्वार। कोतवाली नगर क्षेत्र में एक साधु की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर सनसनीखेज वारदात का खुलासा कर दिया। आरोपी नेपाली मूल का युवक निकला, जिसने पुरानी रंजिश में इस घटना को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार, 21 अप्रैल 2026 को रोडीबेलवाला चौकी पर सूचना मिली कि दीनदयाल पार्किंग के अंडरपास के ऊपर पीपल के पेड़ के पास रहने वाले एक साधु पर किसी युवक ने डंडे और पत्थर से हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल साधु को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान न होने के चलते पुलिस ने स्वयं वादी बनकर हत्या का मुकदमा दर्ज किया और फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया।

डिजिटल और मैनुअल जांच से मिला सुराग
एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने जांच के दौरान डिजिटल और मैनुअल दोनों तरीकों का सहारा लिया। पूछताछ में श्रद्धालुओं ने बताया कि संदिग्ध युवक गंगा सभा की अस्थायी पार्किंग की ओर जाते देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने मौके पर तलाशी अभियान चलाया।
पार्किंग में सोते मिला आरोपी
शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गंगा सभा पार्किंग में एक पेड़ के नीचे सो रहे संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम दीपक थापा बताया और अपराध कबूल कर लिया।
बदला लेने के लिए की हत्या
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कुछ दिन पहले चंडीगढ़ से हरिद्वार आया था और पार्किंग में ही रह रहा था। कुछ दिन पहले साधु से सोने को लेकर विवाद हुआ था। उसी रंजिश में उसने वारदात को अंजाम दिया। घटना वाली रात आरोपी ने पहले डंडे से हमला किया और फिर पत्थर से वार कर साधु की हत्या कर दी

शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया कि मृतक की पहचान के प्रयास के प्रयास किए जा रहे है। फिलहाल शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। आरोपी दीपक थापा (43) पुत्र रामबहादुर थापा, निवासी लुम्बिनी (नेपाल) को गिरफ्तार कर हत्या की धारा में जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस टीम में:-
1- प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा
2- व.उनि. गोपाल दत्त भट्ट
3- उनि. नवीन नेगी
4- है.का. सतीश नोटियाल
5- है.का. सतेंद्र कुमार
6- का. अजीत तोमर
