अपराध पर नियंत्रण बनाए रखने को कोतवाल रितेश शाह ने मोबाइल स्टोर संचालकों के साथ की बैठक

भगवानपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के सख्त निर्देशों के अनुपालन में कोतवाली भगवानपुर पुलिस द्वारा ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को भगवानपुर कोतवाल रितेश शाह ने थाना परिसर में कस्बा भगवानपुर क्षेत्र के सभी 45 मोबाइल स्टोर संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।

प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर की अध्यक्षता में आयोजित इस गोष्ठी में मोबाइल कारोबार से जुड़े व्यापारियों को सुरक्षा, पारदर्शिता और अपराध नियंत्रण को लेकर कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने पर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

बैठक में दिए गए प्रमुख निर्देशों के अनुसार सभी दुकानदारों को अपनी दुकानों पर एक रजिस्टर अनिवार्य रूप से रखना होगा, जिसमें मोबाइल बेचने आने वाले व्यक्ति का आधार कार्ड, मोबाइल नंबर और पूरा पता दर्ज किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक दुकान पर सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य किया गया है, जिनका कवरेज सड़क तक होना चाहिए।

पुलिस ने सख्ती से निर्देशित किया कि बिना वैध बिल के किसी भी मोबाइल का लॉक नहीं खोला जाएगा। इसके अतिरिक्त, पुराने मोबाइल खरीदने से पूर्व ‘संचार साथी’ ऐप के माध्यम से IMEI नंबर की जांच करना अनिवार्य होगा। यदि कोई मोबाइल ब्लैकलिस्टेड पाया जाता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को देनी होगी।

अपराध नियंत्रण को मजबूत करने के उद्देश्य से सभी मोबाइल दुकानदारों को एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के निर्देश दिए गए हैं, जिसमें संबंधित क्षेत्र के पुलिसकर्मी भी जुड़े रहेंगे। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल इस ग्रुप के माध्यम से साझा करने को कहा गया है।

फ़ाइल फोटो: भगवानपुर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह।

कोतवाल रितेश शाह ने स्पष्ट किया कि इन निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान एसएसआई रमेश सैनी व अन्य पुलिस कर्मी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!