बड़ी खबर: बनबसा-नेपाल सीमा से मशहूर ‘द ग्रैंड वेनिस मॉल’ का मालिक गिरफ्तार, धोखाधड़ी मामलों में था वांछित, कोर्ट से भी चल रहे गैर जमानती वारंट

चम्पावत। बनबसा-नेपाल सीमा पर संयुक्त कार्रवाई के दौरान ग्रेटर नोएडा के दो गंभीर धोखाधड़ी मामलों में वांछित ‘द ग्रैंड वेनिस मॉल’ के मालिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी नेपाल भागने की फिराक में था, जिसे सतर्कता बरतते हुए टीम ने दबोच लिया। उसके कब्जे से फर्जी दस्तावेज, कई मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं नकदी बरामद की गई है।

फ़ाइल फोटो: एसपी चंपावत रेखा यादव।

पुलिस के अनुसार एसपी चम्पावत रेखा यादव के निर्देश पर थाना बनबसा पुलिस शारदा बैराज क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान नोएडा पुलिस की विशेष टीम (CRT/SWAT-2 व SOG) से सूचना मिली कि वांछित आरोपी नेपाल भागने की कोशिश में है। सूचना के आधार पर कैनाल गेट चेक पोस्ट पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान नेपाल की ओर से आ रही एक संदिग्ध इनोवा कार को रोककर तलाशी ली गई। पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान सत्येन्द्र सिंह भसीन पुत्र जसवंत सिंह भसीन निवासी पश्चिमी दिल्ली के रूप में बताई। सत्यापन में वह ग्रेटर नोएडा के धोखाधड़ी मामलों में वांछित पाया गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

फर्जी दस्तावेज समेत कई सामान बरामद

आरोपी के कब्जे से चार फर्जी आधार कार्ड (अलग-अलग पतों पर), एक एप्पल आईपैड, चार मोबाइल फोन, एक पेन ड्राइव, पावर बैंक, डायरी तथा ₹30,540 नकद बरामद किए गए हैं।

गैर-जमानती वारंट था जारी

पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध गौतमबुद्ध नगर स्थित मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय से पूर्व में गैर-जमानती वारंट भी जारी किया गया था।

नोएडा पुलिस को सौंपा जाएगा आरोपी

गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को थाना बीटा-2, ग्रेटर नोएडा भेजा जा रहा है, जहां आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एसपी चम्पावत रेखा यादव ने बताया कि सीमा क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और अंतर्राज्यीय अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!