हरिद्वार। कोतवाली ज्वालापुर क्षेत्र स्थित जटवाड़ा पुल से बहादराबाद जाने वाली नहर पटरी पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रेगुलेटर पुल के पास कार और बाइक की जोरदार टक्कर में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में युवक की पांव की उंगली भी कट गई। वहीं कार चालक ज्वालापुर के एक अस्पताल का संचालक बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर बाइक सवार प्रिंस पुत्र वेदपाल निवासी राजूपुर, सहारनपुर तेज रफ्तार में किसी वाहन को ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही कार से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक करीब 50 फीट तक सड़क पर घिसटता चला गया। हादसे में युवक के दाहिने पैर की सभी उंगलियां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि एक उंगली कटकर अलग हो गई। इसके अलावा हाथ और कंधे पर भी गहरी चोटे आई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची ज्वालापुर पुलिस ने घायल को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं, पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में हादसे का कारण बाइक सवार की तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आ रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
