हरिद्वार। पंजाब नेशनल बैंक की खड़खड़ी शाखा से करोड़ों रुपये के गबन के मामले में फरार चल रहे बैंक कर्मचारी और पांच हज़ार रुपये के इनामी आरोपी को कोतवाली नगर पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने उसे उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से दबोचने में सफलता हासिल की है।

पुलिस के अनुसार, भीमगोड़ा खड़खड़ी निवासी हरिओम पुत्र बैसाखी ने 23 मार्च 2025 को कोतवाली नगर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि पंजाब नेशनल बैंक की खड़खड़ी शाखा में कार्यरत कर्मचारी गौरव कुमार ने साजिश के तहत उनके खाते से धोखाधड़ी कर करीब 2 करोड़ 73 लाख 60 हजार 1 रुपये निकाल लिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।

मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर अभय प्रताप और क्षेत्राधिकारी नगर शिशुपाल सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर कुन्दन सिंह राणा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी पर पांच हज़ार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र, सुरागरसी और मोबाइल लोकेशन की मदद से आखिरकार 11 मई को आरोपी गौरव कुमार पुत्र चरणजीत सिंह निवासी नई बस्ती भीमगोड़ा को सहारनपुर के नानकपुरम जनता रोड, थाना जनकपुरी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा ने बताया कि वर्तमान में वह सहारनपुर में छिपकर रह रहा था। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
पुलिस टीम में:
प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा
वरिष्ठ उपनिरीक्षक गोपाल दत्त भट्ट
उपनिरीक्षक नवीन नेगी
अपर उपनिरीक्षक दीपक ध्यानी
कांस्टेबल शिवानंद
कांस्टेबल वसीम (एसओजी)
कांस्टेबल मुकेश उनियाल
