हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर युवती के साथ मारपीट और छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने घर में घुसकर युवती के साथ अभद्रता की और जमीन अपने नाम कराने का दबाव बनाया। पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक पुल जटवाड़ा स्थित वाल्मीकि बस्ती निवासी युवती ने शिकायत देकर बताया कि वह अपनी मां और मौसी के साथ ननिहाल में रहती है। युवती का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले आत्माराम, राम कुमार, श्याम कुमार, निधि और एक महिला रिश्तेदार ननिहाल की जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं। आरोप है कि छह मई की शाम सभी आरोपी उसके घर में घुस आए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर मारपीट की गई। युवती ने आरोप लगाया कि दो आरोपियों ने उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए कपड़े फाड़ने का प्रयास किया, जबकि अन्य लोगों ने चप्पलों से हमला किया। पीड़िता का कहना है कि आरोपियों ने जमीन अपने नाम करने का दबाव बनाते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
छात्र पर लोहे की रॉड से हमला, तीन युवकों पर केस
हरिद्वार। शिवालिक नगर मार्ग पर एक छात्र पर बाइक सवार युवकों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रास्ता रोककर छात्र के साथ लोहे की रॉड से मारपीट की गई। पुलिस ने नामजद समेत तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बहादराबाद निवासी छात्र नवनीत कुमार ने पुलिस को बताया कि वह मंगलवार रात शिवालिक नगर की ओर जा रहे थे। आरोप है कि ओम ढाबा के पास तीन बाइक सवार युवकों ने उन्हें रोक लिया और हमला कर दिया। हमलावरों ने लोहे की रॉड से मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। तहरीर में दो आरोपियों की पहचान दिव्यम और केशव निवासी आर्य नगर ज्वालापुर के रूप में की गई है, जबकि तीसरे युवक की पहचान नहीं हो सकी है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। एसएसआई नंद किशोर ग्वाड़ी ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
