ऑपरेशन प्रहार: गौशाला से गाय चोरी मामले में कस्साबान का परवेज गिरफ्तार, इमरान उर्फ़ लम्बू की तलाश जारी

हरिद्वार। आश्रम की गौशाला से गाय चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो कार, अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और नकदी बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

फ़ाइल फोटो: एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर।

जानकारी के अनुसार एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर रविवार देर रात जयराम मोड़ क्षेत्र में पुलिस संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान चमगादड़ टापू की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक सफेद स्कॉर्पियो पर पुलिस की नजर पड़ी। वाहन पर आगे-पीछे नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह वाहन लेकर भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए बैरियर लगाकर घेराबंदी की और स्कॉर्पियो को रोक लिया। पकड़े गए युवक ने पूछताछ में अपना नाम परवेज उर्फ अल्लाहदिया निवासी मोहल्ला कस्साबान, ज्वालापुर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और 5100 रुपये नकद बरामद हुए। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपने साथी इमरान उर्फ लंबू निवासी रामपुर रुड़की के साथ मिलकर 13 मई की रात सप्तसरोवर आश्रम के पास स्थित गौशाला से गाय चोरी की थी। चोरी की गई गाय को स्कॉर्पियो में डालकर ले जाया गया और रास्ते में एक व्यक्ति को बेच दिया गया। वहीं, नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि आरोपी पर पहले से भी पशु चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपी इमरान उर्फ लंबू की तलाश में दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!