हरिद्वार। भीषण गर्मी के चलते बिजली की मांग लगातार बढ़ने से ट्रांसफार्मरों और एलटी लाइनों पर अतिरिक्त लोड पड़ रहा है। ऐसे चुनौतीपूर्ण हालात में एक्सईएन रवि कुमार के निर्देश पर ज्वालापुर डिवीजन के सब डिवीजन-फर्स्ट की पूरी टीम दिन-रात बिजली व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में जुटी हुई है। एसडीओ शिल्पी सैनी की सक्रियता के चलते क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सामान्य बनी हुई है और उपभोक्ताओं की शिकायतों का तत्काल समाधान किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार ज्वालापुर सब डिवीजन-फर्स्ट की एसडीओ शिल्पी सैनी स्वयं देर रात तक फील्ड की मॉनिटरिंग कर रही हैं। किसी भी क्षेत्र से बिजली आपूर्ति बाधित होने या तकनीकी खराबी की सूचना मिलते ही वह तत्काल टीम को मौके पर भेजकर समस्या का समाधान करा रही हैं। उनकी लगातार निगरानी के कारण अधिकांश शिकायतों का त्वरित निस्तारण हो रहा है।
वहीं, जेई अक्षय चौहान, दीप्ती चौहान और नीरज सैनी भी देर रात तक अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर उपभोक्ताओं की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई कर रहे हैं। फॉल्ट की सूचना मिलते ही लाइन स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचकर बिजली आपूर्ति बहाल कराई जा रही है, जिससे लोगों को लंबे समय तक बिजली संकट का सामना नहीं करना पड़ रहा। एसडीओ शिल्पी ने कहा कि गर्मी के मौसम में बढ़े हुए लोड को देखते हुए सब डिवीजन की सभी टीमें पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। ट्रांसफार्मरों और लाइनों की लगातार निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी तकनीकी खराबी को समय रहते दूर कर उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
