अंतरराज्यीय ऑटोलिफ्टर गैंग का पर्दाफाश, 25 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय ऑटोलिफ्टर गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश से चोरी की गई 25 मोटरसाइकिलें तथा वाहनों के कई पार्ट्स बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि रानीपुर क्षेत्र में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं के बाद प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। साथ ही सीआईयू हरिद्वार को तकनीकी सहायता और इनपुट जुटाने की जिम्मेदारी सौंपी गई। पुलिस टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया।एसएसपी ने बताया कि 21 जुलाई को पुलिस टीम ने जमालपुर जाने वाले कच्चे रास्ते पर चेकिंग के दौरान बिजनौर निवासी भव्य उर्फ भोला और सुधीर कुमार को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से चोरी की गई एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई।पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने हरिद्वार, ऋषिकेश और बिजनौर समेत कई स्थानों से मोटरसाइकिलें चोरी कर दादूपुर गोविंदपुर स्थित एक खंडहर में छिपा रखी हैं। इसके बाद पुलिस ने मौके पर छापेमारी कर वहां से 24 अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें और वाहनों के कई पार्ट्स बरामद किए।

फ़ाइल फोटो: इंस्पेक्टर मनोहर भंडारी।

रानीपुर कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सुधीर पेशे से मोटर मैकेनिक है। दोनों आरोपी चोरी की गई मोटरसाइकिलों को सस्ते दामों में बेच देते थे। जो वाहन नहीं बिकते थे, उनके पार्ट्स अलग-अलग निकालकर बेच दिए जाते थे और उससे होने वाला मुनाफा दोनों आपस में बांट लेते थे। मुख्य आरोपी भव्य उर्फ भोला पूर्व में भी बिजनौर में वाहन चोरी के मामले में जेल जा चुका है।

हरिद्वार और बिजनौर से चोरी की गई थीं बाइक

बरामद मोटरसाइकिलों में रानीपुर, ज्वालापुर, नगर कोतवाली, सिडकुल, मंगलौर तथा उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से चोरी की गई बाइक शामिल हैं। पुलिस अन्य बरामद वाहनों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

भव्य उर्फ भोला पुत्र अरुण कुमार, निवासी अमीरपुर गांगू, थाना कोतवाली शहर, बिजनौर (उ.प्र.)

सुधीर कुमार पुत्र कालू, निवासी रसूलपुर आबाद, थाना हल्दौर, जनपद बिजनौर (उ.प्र.)

पुलिस टीम

प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नन्दकिशोर ग्वाड़ी, उपनिरीक्षक चरण सिंह चौहान, उपनिरीक्षक सुधांशु कौशिक, अपर उपनिरीक्षक सुबोध घिल्डियाल, कांस्टेबल करम तोमर, गम्भीर तोमर, प्रेम दानू, अजय, विवेक गुसांई, मंजीत राणा और महेन्द्र सिंह।

सीआईयू टीम

प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह बिष्ट एवं कांस्टेबल वसीम।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!