हरिद्वार। कोतवाली सिडकुल पुलिस ने घर में घुसकर मोबाइल और नकदी चोरी करने की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके नाबालिग साथी को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का मोबाइल फोन समेत तीन मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल किया गया सरिया बरामद किया है। आरोपी नशे की लत को पूरा करने के लिए चोरी की घटना को अंजाम देते थे।

सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 27 मई को महावीर विहार रावली महदूद निवासी विपिन गिरी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके घर से विवो कंपनी का मोबाइल फोन और करीब दस हजार रुपये से भरी गुल्लक चोरी हो गई है। मामले में कोतवाली सिडकुल में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान एसओ अजय शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गोपनीय सूचना पर महिंद्रा पार्क क्षेत्र में दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा। इनमें एक युवक के हाथ में सरिया था। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके पास से तीन मोबाइल फोन बरामद हुए। जांच में एक मोबाइल का आईएमईआई नंबर चोरी हुए फोन से मेल खा गया। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि दोनों दोस्त हैं और स्मैक के नशे का खर्च पूरा करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। आरोपियों ने बताया कि चोरी की गुल्लक से मिले रुपये आपस में बांटकर खर्च कर दिए गए।

एसओ अजय शाह ने बताया कि आरोपी समीर उर्फ मैगी निवासी रावली महदूद को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके नाबालिग साथी को नियमानुसार संरक्षण में लिया गया है। मामले में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई कर कोर्ट में पेश कर दिया गया है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जय सिंह राणा और हेड कांस्टेबल सोहन राणा शामिल रहे।
