हरिद्वार। शहर की होनहार तीरंदाज नंदनी राणा ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए सीबीएसई नॉर्थ जोन आर्चरी चैंपियनशिप-2026 में रजत पदक हासिल किया है। अंडर-17 आयु वर्ग में शानदार प्रदर्शन के दम पर नंदनी ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया है। अब वह सीबीएसई की नेशनल आर्चरी चैंपियनशिप में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेगी।
कोटद्वार में 20 से 23 जुलाई तक आयोजित तीन दिवसीय सीबीएसई नॉर्थ जोन आर्चरी चैंपियनशिप में विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिभाशाली तीरंदाजों ने प्रतिभाग किया। कड़े मुकाबले के बीच नंदनी राणा ने सटीक निशानेबाजी और बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अंडर-17 वर्ग में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। नंदनी की इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनके पिता गौरव राणा सिंचाई विभाग में सहायक अभियंता हैं, जबकि माता भावना राणा निजी विद्यालय में शिक्षिका हैं। नंदनी पिछले कई वर्षों से कोच रमेश चंद्र सेमवाल के मार्गदर्शन में आर्चरी का प्रशिक्षण ले रही हैं। नंदनी की सफलता पर कोच, अभिभावकों और शुभचिंतकों ने खुशी जताते हुए उन्हें राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं। अब नंदनी की नजर नेशनल चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन कर पदक जीतने पर है।


