हरिद्वार। पतंजलि योगपीठ के निकट सुरक्षा एनक्लेव, अहमदपुर ग्रांट और सहदेवपुर क्षेत्र में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव से जल्द निजात मिलने की उम्मीद जगी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए हैं।

जिला आपदा प्रबंधन सभागार में आयोजित बैठक में अपर जिलाधिकारी ने संबंधित क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सुरक्षा एनक्लेव क्षेत्र में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए सिंचाई विभाग, रुड़की को पंपिंग स्टेशन निर्माण की डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए। डीपीआर तैयार होने के बाद हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) की ओर से पंपिंग स्टेशन का निर्माण कराया जाएगा।

इसके साथ ही क्षेत्र में करीब 700 मीटर लंबे नाले के निर्माण के लिए भी डीपीआर तैयार करने को कहा गया है। स्थायी व्यवस्था होने तक तहसील रुड़की को पूर्व की भांति जल निकासी के लिए आवश्यक पंपों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि बारिश के दौरान लोगों को परेशानी न हो।

अहमदपुर ग्रांट और सहदेवपुर क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था सुधारने के लिए तहसील रुड़की, तहसील हरिद्वार और सिंचाई विभाग को आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा गया है। तहसीलदार रुड़की और हरिद्वार को जल निकासी में बाधक अतिक्रमणों को नियमानुसार हटाने के निर्देश दिए गए। वहीं, जहां भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता है, वहां सिंचाई विभाग के साथ समन्वय कर कार्रवाई करने को कहा गया।

सिंचाई विभाग को चैनलाइजेशन, पुलिया निर्माण, नालों की सफाई और जल निकासी से जुड़े अन्य कार्यों की विस्तृत डीपीआर तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्यों को जल्द पूरा करें, ताकि भविष्य में बारिश के दौरान इन क्षेत्रों के लोगों को जलभराव की समस्या से राहत मिल सके। बैठक में जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, तहसीलदार विकास अवस्थी, एसडीओ यूपी सिंचाई विभाग भारत भूषण, सहायक अभियंता शिव कुमार, लोक निर्माण विभाग के अपर अभियंता प्रतीक अग्रवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


