सफलता: भैंस खरीदने जा रहे युवक से एक लाख की लूट का खुलासा, महिला समेत पांच आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार। लक्सर पुलिस ने भैंस खरीदने जा रहे युवक से एक लाख रुपये लूटने की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए महिला समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चार आरोपियों को 80 हजार रुपये और एक अवैध तमंचा-कारतूस के साथ दबोचा, जबकि घटना में शामिल महिला आरोपी को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। जांच में सामने आया कि पीड़ित की परिचित महिला ने ही उसके पास एक लाख रुपये होने की सूचना आरोपियों तक पहुंचाई थी, जिसके बाद पूरी वारदात को अंजाम दिया गया।

फ़ाइल फोटो: एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर।

पुलिस के अनुसार भगवानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिहचंदी निवासी इमरान ने 20 जुलाई को कोतवाली लक्सर में तहरीर देकर बताया था कि 14 जुलाई को भैंस खरीदने जाते समय चार अज्ञात लोगों ने उसके साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देकर एक लाख रुपये लूट लिए थे। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली लक्सर प्रवीण सिंह कोश्यारी के नेतृत्व में गठित टीम ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय स्तर पर की गई गहन पड़ताल के आधार पर पहले महिला आरोपी को उसके हिस्से में आए 10 हजार रुपये के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने लगातार दबिश देकर फरार चल रहे चार अन्य आरोपियों को भी लक्सर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुधांशु उर्फ काका पुत्र अवदेश निवासी अकौढ़ा खुर्द कोतवाली लक्सर, वंश पुत्र देवेंद्र निवासी कंकरखाता कोतवाली लक्सर, अनुज पुत्र मामचंद निवासी अकौढ़ा खुर्द तथा आकाश पुत्र मेनपाल निवासी अकौढ़ा खुर्द कोतवाली लक्सर के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटी गई रकम में से 80 हजार रुपये बरामद किए। मुख्य आरोपी सुधांशु के पास से एक अवैध 315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी मिला है। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली लक्सर प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहे थे और लूटी गई रकम आपस में बांटकर क्षेत्र से फरार होने की फिराक में थे। गिरफ्तार सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

फ़ाइल फोटो: प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोशयारी।

पुलिस टीम में:-

1-प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी

2-व0उ0नि0 नितिन चौहान

3-उ0नि0 सुरेश कुमार सिंह

4-उ0नि0 दीपक चौधरी

5-उ0नि0 रोहित कुमार

6-हे0कानि0 पंचम प्रकाश

7-हे0कानि0 अरविन्द रावत

8-हे0कानि0 आशीष पाण्डे

9-होगा0 दिनेश कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!