कांवड़ मेला: एमएनए नन्दन कुमार के नेतृत्व में नगर निगम की अनोखी पहल, ‘स्वच्छता दूत’ घाट-घाट पहुंचा रहे स्वच्छता का संदेश

हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 के दौरान गंगा घाटों की स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखने के लिए नगर निगम हरिद्वार ने अभिनव पहल करते हुए घाटों पर ‘स्वच्छता दूत’ तैनात किए हैं। ये स्वच्छता दूत मेगाफोन के माध्यम से श्रद्धालुओं को लगातार स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रहे हैं और गंगा घाटों को साफ-सुथरा एवं प्लास्टिक मुक्त बनाए रखने का संदेश दे रहे हैं। श्रद्धालुओं ने नगर निगम की इस पहल की सराहना करते हुए स्वच्छता अभियान में सहयोग का भरोसा भी जताया।

फ़ाइल फोटो: नगर आयुक्त नन्दन कुमार।

नगर आयुक्त नन्दन कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत श्रद्धालुओं से अपील की जा रही है कि वे कूड़ा केवल निर्धारित कूड़ेदानों में ही डालें और गंगा में प्लास्टिक, पॉलिथीन, बोतल, बचा हुआ भोजन या अन्य किसी प्रकार का कचरा न प्रवाहित करें। साथ ही घाटों पर प्लास्टिक की चटाई, प्लास्टिक शीट और पॉलिथीन का उपयोग नहीं करने तथा भंडारे या भोजन वितरण के बाद पत्तल, दोने, गिलास और अन्य अपशिष्ट को स्वयं उठाकर कूड़ेदानों में डालने का आग्रह भी किया जा रहा है। स्वच्छता दूत श्रद्धालुओं को सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान की जानकारी देते हुए स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाए रखने का संदेश भी दे रहे हैं। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया और नगर निगम के प्रयासों की प्रशंसा की।

अभियान में उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक अनिल कुमार, नगर निगम की टीम तथा डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स संस्था के स्वयंसेवी सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। नगर निगम का कहना है कि स्वच्छता दूतों के माध्यम से अधिक से अधिक श्रद्धालुओं तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाया जा रहा है, ताकि कांवड़ मेले के दौरान गंगा घाटों की पवित्रता और स्वच्छता दोनों बनी रहें। नगर निगम ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त हरिद्वार के निर्माण में सहभागी बनें और गंगा घाटों की स्वच्छता बनाए रखने में अपना योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!