प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर किसानों से श्रमिकों तक पहुंची जनकल्याण योजनाओं की सौगात, हरिद्वार मंडी में लगा सेवा का महाकुंभ

हरिद्वार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर कृषि उत्पादन मंडी समिति हरिद्वार एवं श्रमिक कल्याण बोर्ड हरिद्वार की ओर से मंडी समिति परिसर में बुधवार को विशेष जनकल्याण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किसानों, पंजीकृत श्रमिकों, व्यापारियों और आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण और श्रमिक कल्याण से जुड़ी सुविधाओं का लाभ पहुंचाया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतिश्वरानंद एवं भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, राज्यमंत्री लोकेश पाल, विशाल राठौर, सुनील सैनी, लोकेश पाल, कलीम अंसारी, इमरान अली मंसूरी समेत अन्य अतिथियों की मौजूदगी में हुआ। कार्यक्रम का संचालन प्रदीप आत्रेय ने किया।

मुख्य अतिथि स्वामी यतीश्वरानंद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर चलाए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी किसानों, श्रमिकों एवं व्यापारियों को दी। उन्होंने मंडी समिति की ओर से किसानों के हित में संचालित योजनाओं और उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी साझा करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए मंडी सचिव लवकेश कुमार के प्रयासों की सराहना की।

श्रमिकों को मिली पोषण, शिक्षा और स्वच्छता किट

कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड सरकार में पंजीकृत श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत शिक्षण किट, पोषण किट और स्वच्छता किट वितरित की गईं। इसके साथ ही आमजन के लिए स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था की गई। सरकार की ओर से संचालित योजनाओं के माध्यम से ग्रामीणों एवं श्रमिक वर्ग को मिल रही सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।

भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने श्रम विभाग एवं मंडी समिति की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी उपलब्ध कराई तथा उपस्थित श्रमिकों को किट वितरित कीं। कार्यक्रम में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के माध्यम से आमजन तक पहुंच रही सुविधाओं को लेकर भी जानकारी साझा की गई।

44 तरह की जांच, रक्तदान शिविर ने खींचा ध्यान

कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण निःशुल्क स्वास्थ्य एवं रक्त जांच शिविर रहा। मंडी सचिव लवकेश कुमार के प्रयासों से भुमानंद अस्पताल के सहयोग से ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित किया गया। वहीं श्रमिक कल्याण बोर्ड के सहयोग से मोबाइल वैन के माध्यम से श्रमिकों की 44 प्रकार की निःशुल्क जांचें की गईं।

स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में श्रमिकों एवं आमजन ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई। आयोजन में स्वास्थ्य जागरूकता के साथ रक्तदान को लेकर भी लोगों को प्रेरित किया गया।

दो दिवसीय कार्यक्रम में चलेगा स्वच्छता अभियान

मंडी सचिव लवकेश गिरी ने बताया कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम दो दिवसीय है। कार्यक्रम के तहत मंडी समिति परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाए जाने की भी जानकारी दी गई। इसका उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता और जनसेवा का संदेश आम लोगों तक पहुंचाना है। कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री पोषण किट, स्वच्छता किट, शिक्षा किट एवं स्वास्थ्य जांच योजना से जुड़े लाभार्थियों को सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। बच्चों और श्रमिकों को दी जाने वाली विभिन्न किटों का वितरण भी किया गया।

मंडी समिति और श्रम विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने संभाली जिम्मेदारी

कार्यक्रम को सफल बनाने में मंडी समिति की मंडी निरीक्षक वर्षा गुप्ता, मंडी निरीक्षक शिवमूर्ति सिंह, जितेंद्र कुमार, मनोज कुमार, आशीष कुमार सहित श्रम विभाग के सहायक श्रम आयुक्त प्रशांत कुमार, श्रम अधिकारी मीनाक्षी एवं अन्य कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम के दौरान श्रम विभाग की ओर से बताया गया कि बोर्ड द्वारा संचालित योजनाएं मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों के अनुरूप लगातार संचालित की जा रही हैं और पंजीकृत श्रमिकों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए विभागीय स्तर पर प्रयास जारी हैं। कार्यक्रम ने एक ही मंच पर किसान, श्रमिक और आमजन से जुड़े कल्याणकारी प्रयासों को जोड़ते हुए जनसेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और सरकारी योजनाओं की जानकारी को केंद्र में रखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!